Nagada

Uttar Pradesh Day-2026 3 day event inaugurated with great pomp at Noida Shilp Haat

IMG_20260125_114909

नोएडा शिल्प हॉट में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का हुआ भव्य शुभारंभ

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का रिबन काटकर व दीप प्रज्वलित कर किया विधिवत् शुभारंभ

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह व मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ में यूपी दिवस का किया गया शुभारंभ, शिल्प हॉट नोएडा में हुआ सजीव प्रसारण

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विकास प्रदर्शनियों ने उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों का मन मोहा

यूपी दिवस-2026: विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी कार्यक्रम एवं योजनाओं पर आधारित लगाए गए हैं स्टॉल/प्रदर्शनी

यूपी दिवस के आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिल्प, कला संस्कृति एवं प्रगति के अद्भुत उत्सव का उठाएं लुफ्त : माननीय सांसद

      उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी प्रदेश की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने तथा उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से 24 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का शुभारंभ शिल्प हाट, सेक्टर-33ए, नोएडा में भव्य रूप से किया गया।
      कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय सांसद (लोकसभा) डॉ. महेश शर्मा द्वारा रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया। इस दौरान माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, माननीय विधान परिषद सदस्य श्री चंद शर्मा, माननीय विधायक दादरी तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
      कार्यक्रम के दौरान मा0 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की गरीमामयी उपस्थित में आयोजित यूपी दिवस के मुख्य कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया तथा सूचना विभाग द्वारा तैयार की गई मंडलीय विकास परियोजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रसारण भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा।
      इस अवसर पर माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति एवं सतत विकास यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन एवं नवाचार के पथ पर निरंतर अग्रसर है। प्रदेश में उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, पर्यटन, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है।
      माननीय सांसद ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस जैसे आयोजन प्रदेश की लोककला, शिल्प, सांस्कृतिक विविधता एवं प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं एवं उद्यमियों को प्रेरित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से प्रदेश की विकासात्मक योजनाओं, निवेश संभावनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति आमजन में जागरूकता और सहभागिता और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और शिल्प, कला, संस्कृति तथा प्रदेश की विकासात्मक उपलब्धियों का आनंद लें।
      इस मौके पर जनसामान्य को मतदाता शपथ दिलाई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में जनपद के 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, ऑपरेशन सिंदूर विषय पर आधारित प्रस्तुति, जय हिंद की सेना जैसे देशभक्ति कार्यक्रम, शास्त्रीय संगीत एवं लोकनृत्य पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों व रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर की प्रस्तुतियों में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक संदेश की स्पष्ट झलक देखने को मिली, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी में सांस्कृतिक मूल्यों, राष्ट्रीय भावना एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन मिला। इस अवसर पर माननीय सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई करायी एवं छोटे बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया, जिसमें बच्चों को सुरक्षित और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया।
      इस अवसर पर माननीय सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), स्टार्टअप, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस, मिशन शक्ति, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं जानकारीपरक स्टॉलों का भ्रमण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों पर उपस्थित अधिकारियों एवं लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की प्रगति, उद्देश्य एवं लाभों की जानकारी प्राप्त की तथा प्रदर्शित उत्पादों, नवाचारों एवं सेवाओं की सराहना की। इस दौरान आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की संकल्पना को दर्शाते हुए स्थानीय उत्पादों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं नवोदित उद्यमियों के प्रयासों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।
      कार्यक्रम के दौरान माननीय सांसद द्वारा स्वीप व मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में उल्लेखनीय कार्य करने वाली राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर की प्रधानाचार्य दीपा भाटी एवं राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर 12 के प्रधानाचार्य मोहित वशिष्ठ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बैंक सखी विजय एवं विद्युत सखी रिंकी को प्रशस्ति पत्र तथा पशुपालन विभाग के कनिष्ठ सहायक कुमारी निर्मला व कार्यालय सहायक श्यौराज सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की डॉक्टर मोनालिसा व लैब टेक्नीशियन दीपक कुमार को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2025 में कक्षा 10 के मेधावी छात्र तन्वी नागर, शीतल सिंह, कृष्णा, प्रियंका, गीतांजलि तथा कक्षा 12 के मेधावी छात्र अनुष्का कुमारी, अंशु जायसवाल, रिशु शर्मा, मोहिनी पाल व लक्ष्मी रावल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत निशा कुमारी को 434000 रुपए, आकाशदीप को 2.5 लाख रुपए व दिव्यांश, मोहित भाटी एवं कालूराम को 05-05 लाख रुपए के धनराशि के चेक ब्याज मुक्त ऋण के रूप में प्रदान किये तथा विश्वकर्मा टूलकिट वितरण योजना के तहत 50 लाभार्थियों सिलाई मशीन वितरित की गई। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में शत् प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने हेतु बैंक ऑफ़ इंडिया एवं ओवरसीज बैंक के प्रबंधकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
       मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि 24 से 26 जनवरी 2026 तक नोएडा के शिल्प हाट में उत्तर प्रदेश दिवस का तीन दिन तक आयोजन किया जाएगा। इसमें जनपद के विकास कार्यों की उपलब्धियां, विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाएं और उत्तर प्रदेश के जिलों के प्रमुख खाद्य पदार्थ व उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, स्टॉलों का भ्रमण करें और उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, विरासत और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।
       इस अवसर पर लगभग 120 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें नोएडा प्राधिकरण, कृषि विभाग, स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा महिला और बाल सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाएं, मिशन शक्ति अभियान, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन योजनाएं, स्वास्थ्य, स्वच्छता, ग्रामोद्योग आदि विभागों की प्रदर्शनी शामिल हैं।
      इस अवसर पर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राजेश सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा वंदना त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ शिवकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, ओएसडी नोएडा प्राधिकरण अरविंद कुमार, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता आलोक रंजन सहित पुलिस प्राधिकरण एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित रहे।
     साभार : सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

Exit mobile version